नोएडा से ओजित शर्मा बिल्सी से ललित मोहन वार्ष्णेय की रिपोर्ट





बीती रात नोएडा में हुए एक भीषण सड़क हादसे में जनपद बदायूं के बिल्सी तहसील के उघैती थाना क्षेत्र के गांव पलिया निवासी भाजपा नेता कुलदीप शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से जहां नोएडा में सनसनी फैल गई, वहीं उनके पैतृक गांव और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, करीब 31 वर्षीय कुलदीप शर्मा 4 मई की रात निजी कार्य से नोएडा गए हुए थे। देर रात करीब 11 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल के साथ सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और कुलदीप शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक कुलदीप शर्मा अपने पिता राजू शंखधार के इकलौते पुत्र थे। उनकी शादी करीब 9 वर्ष पहले हुई थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
राजनीतिक जीवन में कुलदीप शर्मा भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उन्होंने करीब एक दशक तक पार्टी में कार्य किया और मंडल अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी भी संभाली। वर्तमान में वह सहसवान क्षेत्र में सोशल मीडिया सह-संयोजक के रूप में कार्यरत थे।
जैसे ही उनके निधन की खबर बिल्सी तहसील क्षेत्र के गांव पलिया पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
पोस्टमार्टम के बाद उनका शव पैतृक गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।


























