




संभल/बहजोई। मंगलवार तड़के गंगा एक्सप्रेसवे पर संभल जनपद के बहजोई क्षेत्र के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक स्लीपर बस खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में करीब 26 यात्री घायल हो गए, जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि पंजाब के लुधियाना से उन्नाव जा रही बस जैसे ही बहजोई क्षेत्र के पास पहुंची, चालक को झपकी आ गई और बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े और घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी बाधित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को एंबुलेंस से बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल संभल रेफर किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई।
कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक रास्ते में कई बार रुककर शराब पी रहा था और बस पहले भी खराब हो चुकी थी। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्रशासन का कहना है कि समय पर राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया और सभी घायलों का इलाज जारी है।


























