बिल्सी। बिल्सी में श्री बालाजी सेवा समिति के तत्वाधान में मंगलवार को मेहंदीपुर बालाजी (राजस्थान) से लाई गई दिव्य ज्योति यात्रा आस्था और उत्साह के बीच भारी बारिश के बावजूद भव्य रूप से निकाली गई।

शाम 4:00 बजे गांधी पार्क से मेहंदीपुर बालाजी के पूज्य महंत ओम प्रकाश योगी “घाटे वाले” के सानिध्य में दिव्य ज्योति यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा प्रारंभ होते ही मौसम ने करवट ले ली और तेज हवाओं के साथ अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था तनिक भी कम नहीं हुई।

भारी बारिश के बीच बाबा का दिव्य ज्योति डोला पूरी श्रद्धा के साथ नगर के मुख्य बाजार, बालाजी तिराहा, अटल चौक और थाना मोड़ होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु पीत वस्त्र धारण कर बाबा के जयकारे लगाते हुए पूरे जोश के साथ यात्रा में शामिल रहे।

यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्ति में सराबोर नजर आया और बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत थाना प्रभारी मनोज कुमार एवं इंस्पेक्टर क्राइम विनोद कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे और यात्रा को सकुशल संपन्न कराया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here