बिल्सी। बिल्सी के भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज के छात्र अभिषेक यादव का भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के प्रशिक्षण केंद्र रायपुर के लिए चयन होने पर नगर एवं विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।

अभिषेक यादव, पुत्र जयवीर सिंह, कक्षा 12 के छात्र हैं और ग्राम बरनी ढकपुरा के निवासी हैं। उनके चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय एवं क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने इसे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि अभिषेक की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा उन्हें प्रतीक चिन्ह एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित भी किया गया।

खेल प्रशिक्षक वरुण सिंह ने बताया कि अभिषेक पिछले एक वर्ष से तीरंदाजी का प्रशिक्षण ले रहे थे। उन्होंने विद्यालय के साथ-साथ खेलो इंडिया सेंटर बदायूं में भी नियमित अभ्यास किया, जिसके परिणामस्वरूप उनका चयन साई में हुआ है।

अभिषेक की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और लोग इसे बिल्सी के लिए एक बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here