बिल्सी। तहसील क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग में स्थित जीएस मॉडल स्कूल के नवीन भवन का भव्य उद्घाटन समारोह बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग, अभिभावक और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर करीब 12 बजे हरीश शाक्य, विधायक बिल्सी, द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों ने विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना की।

अपने संबोधन में विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के डायरेक्टर भुवनेश चौहान द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उठाया गया यह कदम क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय का निर्माण बच्चों के भविष्य को नई दिशा देगा और क्षेत्र के शैक्षिक पिछड़ेपन को दूर करने में सहायक होगा।

इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर भुवनेश चौहान ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाना है और इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके विद्यालय में आर्थिक रूप से कमजोर कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा, इसके लिए विद्यालय प्रबंधन हर संभव सहयोग करेगा।

उद्घाटन समारोह में दीपक चौहान, सुखबीर सिंह चौहान, राहुल देव शाफ्ट, ओम प्रकाश सागर, राजीव माहेश्वरी, विवेक शंखधार, इंजीनियर दीपक चौहान, अर्जुन सिंह चौहान, मुकेश चौहान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, अभिभावक और ग्रामवासी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here