बदायूं। जिले में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अखिल भारतीय सनातन बोर्ड के पदाधिकारियों ने सोमवार को नई रेलवे लाइन की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन भारत सरकार के रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को संबोधित था, जिसे उप जिलाधिकारी महोदय को प्रेषित किया गया।

जिला अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने बताया कि चंदौसी से बिसौली, वजीरगंज, बदायूं, ककराला, उसहैत, कंपिल और कायमगंज को जोड़ने वाली इस प्रस्तावित रेलवे लाइन की मांग कई दशकों से की जा रही है। पूर्व में भी विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा प्रयास किए गए, लेकिन अब सनातन बोर्ड ने सभी कमियों को दूर करते हुए सशक्त तरीके से यह पहल की है।

ज्ञापन के साथ गूगल मैप पर प्रस्तावित रेलवे ट्रैक का नक्शा, विभिन्न जनपदों के 52 पंजीकृत सामाजिक संगठनों के समर्थन पत्र और लगभग 1000 व्यापारियों के हस्ताक्षर युक्त समर्थन पत्र भी संलग्न किए गए हैं।

प्रवक्ता सत्यनारायण गुप्ता ने बताया कि इस रेलवे रूट के बनने से बदायूं सीधे देश की राजधानी दिल्ली और प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जुड़ सकेगा, जिससे आवागमन और व्यापार दोनों को नई गति मिलेगी।

संगठन के संरक्षक सुभाष मैथिल ने कहा कि रेल कनेक्टिविटी के अभाव में बदायूं का बड़ा क्षेत्र विकास से वंचित रहा है। इस नई रेलवे लाइन के बनने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और जिले की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

वहीं सत्यवीर सिंह ने इस परियोजना को “औद्योगिक गलियारा” बताते हुए कहा कि यह केवल परिवहन ही नहीं, बल्कि पांच जिलों के समग्र विकास का माध्यम बनेगी।

नगर मंत्री आकाश साहू ने बताया कि रेलवे लाइन बनने से सड़क मार्ग पर दबाव कम होगा, माल ढुलाई सस्ती होगी और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। जिला सचिव नरेंद्र गुप्ता ने इसे बदायूं के स्वर्णिम भविष्य की आधारशिला बताया।

इस दौरान सुशील गुप्ता, चंद्रदेव वर्मा, डॉ. संजीव सक्सेना, श्याम पाल सिंह दिवाकर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here