बदायूं। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डॉ. ब्रजेश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं, ने शनिवार रात पुलिस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की। इस आदेश के तहत चार इंस्पेक्टर और दो दरोगाओं को इधर से उधर किया गया है, साथ ही कई अधिकारियों के प्रभार भी बदले गए हैं।
जारी सूची के अनुसार वीरपाल सिंह तोमर को उसावां थाना के थानाध्यक्ष पद से हटाकर क्राइम ब्रांच भेज दिया गया है। वहीं राजेंद्र सिंह को बिनावर थाना से हटाकर उसावां का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में अरिहंत कुमार को स्वाट टीम प्रभारी पद से हटाकर बिनावर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं ज्योति सिंह, जो अब तक मुजरिया थाना की एसएचओ थीं, उन्हें अब महिला थाने का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा विदेश कुमार शर्मा, जो बिल्सी कस्बा चौकी के प्रभारी थे, उन्हें मुजरिया का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं प्रियंका, जो महिला थाने की प्रभारी थीं, को जनशिकायत प्रकोष्ठ में स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस प्रशासन के इस फेरबदल को जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि नए प्रभार मिलने से पुलिस कार्यप्रणाली में तेजी आएगी और कानून व्यवस्था को और बेहतर ढंग से लागू किया जा सकेगा।


























