





बदायूं। बढ़ती गर्मी के बीच जहां इंसान खुद को ठंडा रखने के उपाय खोज रहा है, वहीं बेज़ुबान पशु-पक्षी पानी की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में स्वदेश केसरी न्यूज़ ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर गौवंश, कुत्तों और अन्य पशुओं के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था करें।
अपील में कहा गया है कि लोग अपने घर के बाहर सीमेंट की नांद, प्लास्टिक के ड्रम या किसी भी बर्तन में प्रतिदिन साफ और ताजा पानी भरकर रखें, ताकि राह चलते बेज़ुबान जानवर अपनी प्यास बुझा सकें। इसी प्रकार अपनी छतों पर भी बंदर, गिलहरी, कबूतर, कौआ, तोता और अन्य पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है।
स्वदेश केसरी न्यूज़ ने यह भी पहल की है कि जो भी पाठक इस सेवा कार्य में भाग लेते हैं, वे अपने घर या दुकान के बाहर रखे पानी की व्यवस्था की फोटो 9058210012 पर भेज सकते हैं।आपकी इन प्रेरणादायक तस्वीरों को हम स्वदेश केसरी न्यूज़ में प्रकाशित कर अन्य लोगों को भी जागरूक करेंगे ।
इस नेक कार्य में People for Animals (PFA) के अध्यक्ष वीकेंद्र शर्मा का उदाहरण भी सामने है, जो हर वर्ष अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे Facebook और Twitter के माध्यम से लोगों से लगातार अपील करते हैं। उनकी मुहिम का असर भी साफ दिखाई देता है, जहां लोग अपने घरों और व्यावसायिक स्थलों के बाहर बेज़ुबानों के लिए पानी की व्यवस्था करते नजर आते हैं।
आज प्रकाशित कई तस्वीरें भी वीकेंद्र शर्मा की इसी अपील का परिणाम हैं, जिनमें लोग सेवा भाव से पशु-पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध करा रहे हैं।
स्वदेश केसरी न्यूज़ एक बार फिर सभी पाठकों से आग्रह करता है कि इस गर्मी में एक छोटा सा प्रयास किसी बेज़ुबान की जान बचा सकता है। आइए, हम सभी मिलकर इस सेवा कार्य में भाग लें और पुण्य लाभ अर्जित करें।


























