








बिल्सी। नगर में रामनवमी के पावन अवसर पर श्री मनकामेश्वर चामुंडा मंदिर के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। पूरे नगर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
शोभायात्रा का शुभारंभ शाम करीब 6:00 बजे उझानी बस स्टैंड स्थित प्राचीन मंदिर परिसर से हुआ, जहां विधायक प्रतिनिधि नवनीत शाक्य ने विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा को रवाना किया। यात्रा में स्वचालित झांकियां, काली अखाड़ा और विभिन्न धार्मिक प्रस्तुतियां शामिल रहीं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों—मुख्य बाजार, बालाजी तिराहा, अटल चौक, थाना मोड़, सीताराम तिराहा, खेरी मार्ग और बिजलीघर मोड़ से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। देर रात शोभायात्रा पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान माता महाकाली का अखाड़ा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। शोभायात्रा में शामिल झांकियों ने धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश भी दिए। इस दौरान पंडित गोरेलाल व्यास ज़ी मुख्य डोले से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण कर रहे थे
इससे पूर्व दोपहर 11:00 बजे मंदिर परिसर में कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सेवा भाव से कन्याओं को भोजन कराया।
कार्यक्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश सागर, आदित्य माहेश्वरी, योगेश वार्ष्णेय, संजीव माहेश्वरी, मनोज जैन, मोहित गुप्ता, नामित सभासद अमित मिश्रा, तेजस्वी सागर, गौरव वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में नगरवासी और समिति सदस्य उपस्थित रहे।


























