


चंदौसी। वार्ष्णेय महिला उत्थान समिति (रजि.) उत्तर प्रदेश द्वारा 9वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर बदायूं रोड स्थित ओमीलाला फार्म्स में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री अक्रूर जी महाराज के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माध्यमिक शिक्षा स्वतंत्र प्रभार मंत्री गुलाब देवी, लखनऊ सदर विधायक डॉ. नीरज बोरा एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान समिति द्वारा प्रकाशित पत्रिका ‘परिदृश्य-5’ का लोकार्पण किया गया तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों और सहयोगियों को सम्मानित किया गया।
समिति की प्रदेश सचिव प्रतिभा चौधरी ने बताया कि संस्था पिछले 9 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर 11 जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनें भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रीना चौधरी, प्रदेश सचिव प्रतिभा चौधरी एवं कोषाध्यक्ष पूजा वार्ष्णेय सहित पूरी कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई। विशिष्ट अतिथियों ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए मातृशक्ति के योगदान को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट अंकित वार्ष्णेय व अन्य सहयोगियों ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजसेवी, पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


























