बदायूं। उझानी थाना क्षेत्र के गांव बरामयखेड़ा में जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान हुई दो लोगों की संदिग्ध मौतों से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल व अस्पताल में पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि गांव निवासी जुगेंद्र के घर बच्चे के जन्मदिन के अवसर पर जागरण का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए थे। इसी दौरान शाम करीब पांच बजे तीन लोगों—कामेश चौहान (60), यशपाल (45) और दामोदर (42)—की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

परिजन तत्काल तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दामोदर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कामेश और यशपाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने कामेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि यशपाल का उपचार जारी है।

घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों के अनुसार, जिस कमरे में तीनों बैठे थे, वहां दूध में मिलाने वाला ‘हाइड्रोजन’ केमिकल रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि तीनों ने उसे पानी समझकर पी लिया। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि शराब के साथ केमिकल मिलाने से यह हादसा हुआ हो सकता है।

घटना के बाद परिजन शवों को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए और बीमारी से मौत की बात कही, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।

उधर, प्रशासन भी सतर्क नजर आया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अस्पताल में भर्ती घायल से भी बातचीत कर जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।सीओ ने भी घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की बात कही है।

फिलहाल, गांव में दहशत का माहौल है और लोग इस रहस्यमयी घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here