

बिल्सी। फ्यूचर लीडर्स स्कूल में होली पर्व की शुरुआत इस बार पारंपरिक उल्लास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ की गई। विद्यालय परिसर में आयोजित ‘होलिकोत्सव’ कार्यक्रम में बच्चों, शिक्षकों और प्रबंधन ने हर्बल रंगों व गुलाल के साथ सुरक्षित और सांस्कृतिक होली मनाई।
कार्यक्रम में आचार्य संजीव रूप की संक्षिप्त उपस्थिति रही, जिन्होंने जड़ी-बूटियों से तैयार हर्बल सामग्री भेंट कर पर्यावरण शुद्धि और स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक जड़ी-बूटियों से होलिका दहन और रंगोत्सव करने से वातावरण शुद्ध होता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
इसके बाद विद्यालय प्रांगण गुलाल, मुस्कान और उल्लास से सराबोर हो गया। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर रासायनिक रंगों से दूरी बनाकर केवल प्राकृतिक रंगों के उपयोग पर जोर दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में भाईचारे और संस्कारों को मजबूत करते हैं। प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सिंह ने सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल होली मनाने का आह्वान किया, वहीं प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिष्ठान का आनंद लिया। इस अवसर पर विद्यालय के विभिन्न समन्वयक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


























