बिल्सी। सहसवान–बिसौली मार्ग पर बाला किशनपुर गांव के समीप शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में परीक्षा देकर घर लौट रहे बाइक सवार छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक छात्र की पहचान सुरजीत पुत्र मदनलाल, निवासी ग्राम दीनापुर थाना मुजरिया के रूप में हुई है। बताया गया कि सुरजीत एसआरएम इंटर कॉलेज सहसवान का छात्र था और शुक्रवार को हाईस्कूल गणित की परीक्षा देकर अपने एक साथी के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। रास्ते में बाला किशनपुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरजीत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने घायल छात्र को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी सीएचसी बिल्सी पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि शुक्रवार को छात्र का परीक्षा का अंतिम पेपर था, लेकिन खुशी मातम में बदल गई।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही वाहन चालक को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here