
बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में आज दिनांक 02 फरवरी 2026 को बच्चों के मनोरंजन एवं प्रेरणा के उद्देश्य से रेडक्रास सोसायटी के तत्वावधान में मोटिवेशनल मैजिक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध जादूगर, विचारक एवं प्रेरक श्री रामलखन सम्राट ने अपने अद्भुत जादुई करतबों से बच्चों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जादूगर सम्राट द्वारा प्रस्तुत किए गए मैजिक शो को देखकर छात्र-छात्राएं दांतों तले उंगलियां दबाने को मजबूर हो गए। कई बच्चे काफी देर तक जादुई करतबों को अचंभित होकर देखते रहे। हालांकि जादूगर ने बच्चों को यह भी समझाया कि यह सब किसी प्रकार का जादू नहीं, बल्कि हाथों की सफाई और वैज्ञानिक ढंग से प्रस्तुत की गई कला है।
मैजिक शो के दौरान जादूगर श्री रामलखन सम्राट ने रिबन निकालने, फायर मैजिक, कार्ड ट्रिक्स, जादुई छड़ी से करतब दिखाने सहित अनेक आकर्षक प्रयोग प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर पूरा विद्यालय तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों ने न केवल शो का भरपूर आनंद लिया, बल्कि जादूगर के साथ मिलकर कुछ आसान मैजिक ट्रिक्स भी सीखी और अपने सहपाठियों के सामने प्रस्तुत कीं।
इस अवसर पर जादूगर ने बच्चों को स्वस्थ खानपान अपनाने एवं वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया। मैजिक शो को देखकर विद्यालय में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाएं भी दंग रह गए।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने कहा कि रेडक्रास सोसायटी द्वारा आयोजित यह मैजिक शो बच्चों के लिए न केवल मनोरंजक रहा, बल्कि इससे उनमें सीखने की रुचि और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा मिला। उन्होंने बताया कि रेडक्रास सोसायटी समाज कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसमें मेडिकल कैंप, निशुल्क उपचार और मुफ्त दवाइयों का वितरण प्रमुख है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और मनोरंजन के लिए आवश्यक हैं। इससे बच्चे किताबी ज्ञान से बाहर निकलकर वास्तविक दुनिया को समझते हैं और यह जान पाते हैं कि जिसे वे जादू समझते हैं, वह वास्तव में विज्ञान और कला का संयोजन है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


























