बिल्सी। नगर में महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिला।महाकाल सेवा समिति के तत्वाधान में बाबा महाकाल की शाही बारात धूमधाम और भव्यता के साथ निकाली गई। आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजा, स्वचालित झांकियों और बाहर से आए कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे नगर को शिवमय कर दिया।

बाबा महाकाल की शाही बारात दोपहर 1:00 बजे ब्लॉक मुख्यालय अंबियापुर परिसर से प्रारंभ हुई। शुभारंभ अवसर पर हरीश शाक्य ने बाबा महाकाल की विधिवत पूजा-अर्चना कर बारात को रवाना किया। इसके पश्चात शाही बारात मोहल्ला साहबगंज, मुख्य बाजार, थाना मोड़, अटल चौक, लोहा बाजार, बालाजी तिराहा, मोहल्ला साहूकारा से होती हुई अपराह्न शिव शक्ति भवन मंदिर परिसर में पहुंचकर विसर्जित हुई।

बारात में राधा-कृष्ण, शिव परिवार सहित विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूपों में सजे कलाकार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा और आतिशबाजी कर नगरवासियों एवं व्यापारियों ने बाबा महाकाल की बारात का भव्य स्वागत किया। पूरा नगर “बम-बम भोले” और “महाकाल की जय” के जयघोष से गूंज उठा।

मुख्य बाजार स्थित कुटी मंदिर परिसर में महाकालेश्वर सेवा समिति के सदस्यों द्वारा बाबा महाकाल की भव्य आरती उतारकर शाही बारात का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिरस में सराबोर हो गया।

इस पावन अवसर पर महाकालेश्वर सेवा समिति द्वारा भी एक निर्धन कन्या का विवाह भी संपन्न कराया जाएगा, जो आयोजन का सबसे पुण्य एवं प्रेरणादायी पक्ष रहा। विधायक हरीश शाक्य ने कन्या को आशीर्वाद प्रदान करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय कार्य बताया और समिति के इस सेवा भाव की सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर समिति के पदाधिकारियों ने शाही बारात के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालु भक्तों व नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश सागर, विवेक राठी, योगेश वार्ष्णेय, आदित्य महेश्वरी, सत्यपाल वार्ष्णेय, मनोज जैन, गौरव वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित यह शाही बारात और सेवा कार्य बिल्सी में भक्ति, सामाजिक समर्पण और सनातन संस्कारों का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here