




बदायूं बिल्सी बिजनौर राज्य मार्ग संख्या 51 पर बदायूं से बिल्सी होते हुए नरैनी चौराहे तक 35 किलोमीटर लंबे बहुप्रतीक्षित चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का आज बुद्धवार को भव्य समारोह के साथ शिलान्यास किया गया। दोपहर 12 बजे बदायूं हाईवे स्थित जेएस पैलेस परिसर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा एवं बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने विधिवत पूजा-अर्चना कर परियोजना का शुभारंभ किया। इस परियोजना पर 89 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना के शिलापट का अनावरण किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में सड़कों के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने से बदायूं जिले की तीनों तहसीलों का चौमुखी विकास होगा। उन्होंने बदायूं से दिल्ली-लखनऊ की रेल कनेक्टिविटी को शीघ्र सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि 89 करोड़ की इस परियोजना से आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही बिल्सी–उझानी (वाया सिरासोल) और कछला–बिल्सी–बिसौली से शाहाबाद मार्ग के चौड़ीकरण कार्य भी कराए जाएंगे। बिल्सी बाइपास का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है, जिसे शीघ्र स्वीकृति दिलाकर क्षेत्रवासियों को सौगात दी जाएगी। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए बिल्सी रोडवेज बस स्टेशन, फायर स्टेशन सहित अन्य विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने सहसवान–कछला मार्ग और भागीरथी घाट, कछला पर पक्के घाटों का यथा शीघ्र निर्माण कराये जाने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में समाजसेवी दीपक चौहान, पूर्व पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश सागर, पालिका चेयरपर्सन ज्ञान देवी सागर, एसडीएम बिल्सी प्रेमपाल सिंह, अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग) वंदना सोनकर, सहायक अभियंता एस.के. यादव, उदय प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष आदित्य महेश्वरी, संजीव रूप, सुधीर सोमानी, टीटू जैन, लोकेश वार्ष्णेय, अर्जुन सिंह, महेश शर्मा, प्रमोद गोस्वामी, तेज प्रताप सिंह, के.पी. सिंह, सीओ बिल्सी सुनील कुमार सिंह, थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह में आर्य समाजी आचार्य संजीव रूप द्वारा प्रतिवर्ष वितरित की जाने वाली निःशुल्क हवन सामग्री किट का वितरण भी केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा एवं विधायक हरीश शाक्य द्वारा किया गया। परियोजना के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में उत्साह है और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


























