बिल्सी। नगर के गौशाला रोड स्थित संकट मोचन श्री बालाजी दरबार एवं दयालु मित्रगण सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित 22वें विशाल कांवड़ सेवार्थ भंडारे के दूसरे दिन श्रद्धालु भोले सेवादारों की भारी भीड़ उमड़ी।

नगर बाईपास स्थित रंजना तिराहे पर लगाए गए तीन दिवसीय सेवा शिविर में कछला भागीरथी गंगा घाट से जल भरकर आ रहे कांवड़ियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। रात्रि के समय पूरा पंडाल रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता रहा, जिससे शिविर का दृश्य भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान बालाजी दरबार के महंत राजेश चंद्र जाजू गुरुजी ने बताया कि इस तीन दिवसीय शिविर में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान से भी सैकड़ों श्रद्धालु सेवादार पहुंचकर सेवा कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

सेवा शिविर के दूसरे दिन विधायक हरीश शाक्य, पूर्व सांसद संघमित्रा मौर्य एवं उप जिलाधिकारी बिल्सी प्रेमपाल सिंह ने शिविर में पहुंचकर गुरुजी से आशीर्वाद प्राप्त किया।

शिविर में कांवड़ लेकर आने वाले शिव भक्तों के लिए जल अर्पण के साथ-साथ अल्पाहार एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर सुधीर सोमानी, राकेश माहेश्वरी, जितेंद्र शर्मा, डॉ. उमेंद्र गुप्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश सागर, भुवनेश वार्ष्णेय, टीटू जैन, योगेंद्र अदलक्खा (उझानी), वागीश माहेश्वरी (सहसवान), बालाजी बुक डिपो के संचालक अमित कुमार जाजू, अमित प्रिंटर्स सहित अनेक श्रद्धालु भक्त सेवा कार्य में सक्रिय रूप से जुटे रहे।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर यह सेवा शिविर श्रद्धा, सेवा और शिवभक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here