बिसौली (बदायूं)।थाना बिसौली पुलिस को एक बड़ी और चौंकाने वाली सफलता हाथ लगी है। मोबाइल चोरी की एक कथित वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने खुलासा किया कि जिस दुकानदार ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वही इस पूरी फर्जी घटना का मास्टरमाइंड निकला

नगर के बिल्सी मार्ग अटल चौक–तिरंगा चौक पुलिस पिकेट से महज सौ मीटर की दूरी पर स्थित भुवनेश कम्युनिकेशन मोबाइल शॉप के मालिक भुवनेश पुत्र देवपाल शाक्य, निवासी नागपुर नूरपुर, ने बृहस्पतिवार को थाना बिसौली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी दुकान से 36 स्मार्टफोन और 24 कीपैड मोबाइल फोन करीब सात से आठ लाख रुपये कीमत के महंगे एंड्रायड चोरी हो गए हैं। तहरीर में दुकानदार ने यह भी उल्लेख किया था कि,चोरी की इस वारदात में न तो दुकान का कोई ताला टूटा है, न शटर कटा है और न ही किसी प्रकार की नकबजनी की गई है।जिससे पुलिस को शुरू से ही मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।

मामले की विवेचना कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह पुंडीर के निर्देशन में की गई। पुलिस द्वारा जब घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, साक्ष्य संकलन और शिकायतकर्ता से गहन पूछताछ की गई, तो कहानी में कई विरोधाभास सामने आए, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होने लगा।

इसके बाद पुलिस ने दुकानदार भुवनेश से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सच उगल दिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बीमा (इंश्योरेंस) का पैसा हड़पने के उद्देश्य से स्वयं ही अपनी दुकान से 60 मोबाइल फोन निकालकर ग्राम मदनजुडी के शमशान घाट पर बनी एक कोठरी में छुपा दिए थे, और चोरी का झूठा नाटक रचते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।

कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर उपनिरीक्षक राममेहर सिंह, अमित चौहान, कांस्टेबल राजीव कुमार एवं रवि कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी 60 मोबाइल फोन बरामद कर लिए, जिनमें 36 स्मार्टफोन,24 कीपैड मोबाइल फोन
शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके विरुद्ध नियम अनुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां फर्जी मामलों पर अंकुश लगा है, वहीं बीमा धोखाधड़ी जैसे अपराधों के खिलाफ भी सख्त संदेश गया है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here