

बदायूं।विकास खण्ड सालारपुर में किसानों को आधुनिक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। दिनांक 03 जनवरी 2026 को कृषि एवं डिजिटल सेंटर के निर्माण कार्य का शिलान्यास मा. नगर विधायक एवं पूर्व नगर विकास राज्यमंत्री श्री महेश चंद्र गुप्ता ने अपने करकमलों से किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि उन्हें निरंतर क्षेत्र के किसान भाइयों से शिकायतें मिल रही थीं कि उन्नत कृषि की आधुनिक जानकारी, संसाधनों की उपलब्धता, किसान सम्मान निधि, बीज-खाद की व्यवस्था, मृदा परीक्षण एवं फसल बीमा योजना जैसी सेवाओं के लिए किसानों को भटकना पड़ता है। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शासन से प्रयास कर विकास खण्ड सालारपुर में कृषि एवं डिजिटल सेंटर का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी विधानसभा को मां के समान दर्जा दिया है और यहां के प्रत्येक नागरिक की समस्या उनकी अपनी समस्या है। यह विधानसभा कृषि एवं किसान आधारित है, ऐसे में किसानों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना उनका दायित्व है। यह केंद्र किसानों को उन्नत बीज, खाद, कीटनाशक, मृदा परीक्षण की जानकारी, आधुनिक खेती की तकनीक तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की सही जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा, जिससे किसानों का समय बचेगा और लागत भी कम होगी।
श्री गुप्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के साथ निरंतर कार्य कर रही है। सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना, फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि तथा आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान जैसी योजनाएं किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस कृषि एवं डिजिटल सेंटर के माध्यम से अब किसानों को अलग-अलग स्थानों पर भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, बल्कि उन्हें समय पर सही मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेंगे।
इस अवसर पर श्री अनेकपाल सिंह (प्रमुख पति), श्री हरिओम पाराशरी, श्री सोवरन सिंह राजपूत (जिला उपाध्यक्ष, भाजपा), श्री रामचरन पाल (मंडल अध्यक्ष, बिनावर), श्री धीरेन्द्र सिंह (जनपद प्रतिनिधि, भाजपा) सहित क्षेत्र के प्रधान एवं बड़ी संख्या में किसान भाई उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पं. आदेश शर्मा द्वारा किया गया।


























