बरेली।मकर संक्रांति के पावन अवसर पर नैनीताल मार्ग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, बरेली में सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति को समर्पित खिचड़ी सहभोज कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ-साथ अतिथियों ने सहभागिता कर सामाजिक एकता, सद्भाव और सनातन परंपराओं का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने मकर संक्रांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व सनातन धर्म का अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण त्योहार है। सूर्य के धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करने के साथ ही सूर्य उत्तरायण होते हैं, जिसे देवताओं के दिवस का आरंभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति केवल एक पर्व नहीं, बल्कि धर्म, संस्कृति, प्रकृति और साधना का पवित्र संगम है, जो समाज को समरसता और सहयोग की प्रेरणा देता है।

खिचड़ी सहभोज कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12 बजे भोजन मंत्र के साथ किया गया। इसके उपरांत सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय और सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारी, प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह, रामकिशोर श्रीवास्तव, शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा, नितिन, जगदीश, आसाराम, नीलम मिश्रा, अलका नवीन, साधना शर्मा, प्रियंका सहित समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा। सभी ने इस आयोजन को सामाजिक समरसता, संस्कार और भारतीय परंपराओं से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया,

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here