सहसवान (बदायूं) शिक्षा के क्षेत्र में सहसवान के लिए एक बड़ी और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, सहसवान को अपने पहले ही शैक्षणिक सत्र में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से मान्यता प्राप्त हो गई है। विद्यालय को यह मान्यता एफिलिएशन नंबर 2134442 के अंतर्गत प्रदान की गई है।

पहले ही वर्ष में सीबीएसई जैसी प्रतिष्ठित संस्था से मान्यता मिलना विद्यालय की मजबूत शैक्षणिक नींव, उच्च मानकों और सुव्यवस्थित प्रबंधन का प्रमाण माना जा रहा है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के अभिभावकों में भी खुशी का माहौल है।

विद्यालय के निदेशक श्री अश्वनी कुमार महेश्वरी ने इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अभिभावकों के अटूट विश्वास, शिक्षकों की कड़ी मेहनत और कर्मचारियों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री प्रवीन अरोड़ा ने बताया कि सीबीएसई मान्यता के लिए निर्धारित सभी मानकों को कम समय में पूरा करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और लगन के साथ पूरा किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देता है, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला और सामाजिक मूल्यों में भी आगे बढ़ सकें।

सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, सहसवान द्वारा बच्चों को सुरक्षित, अनुशासित और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकें। सीबीएसई की यह मान्यता विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत और ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here