बदायूं। परसों रात हुए विवाद के मामले में नशे में धुत्त बताए जा रहे भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री रजत प्रताप सिंह के खिलाफ कल देर रात पुलिस ने आधिकारिक रूप से मुक़दमा दर्ज कर लिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह के आदेश पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,10 दिसंबर 2025 की देर रात रजत प्रताप सिंह की गाड़ी एक खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई थी। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुँचे चीता मोबाइल पर तैनात सिपाही लवलेश यादव से रजत प्रताप सिंह की कथित तौर पर कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
घटना का संज्ञान लेकर एसएसपी ने रजत प्रताप सिंह के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस कर्मियों से मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में मुक़दमा दर्ज कराया है। पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
इस मामले को लेकर कल (11 दिसंबर) दिनभर राजनीतिक हलचल भी तेज़ रही। बदायूं के सांसद आदित्य यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घटना पर नाराज़गी जताई और भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।
पुलिस अब उस गाड़ी पर लगे विधायक पास की वैधता की भी जांच कर रही है। साथ ही रजत प्रताप सिंह के लाइसेंसी हथियार को निरस्त करने की प्रक्रिया भी प्रारम्भ कर दी गई है।


























