






बदायूं। जनपद बदायूं में शुक्रवार को ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कादरचौक, दातागंज, वजीरगंज, अंबियापुर, सालारपुर सहित जिले के सभी विकास खंडों में एक साथ किया गया, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई।
सभी विकास खंड परिसरों में सभी सचिवों ने दरी बिछाकर शांतिपूर्वक धरना दिया और मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश सरकार के नाम खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
धरना स्थल पर सचिवों ने कहा कि-“आज ग्राम पंचायत स्तर पर क्षेत्रीय ग्राम सचिवों से उनके मूल विभागीय दायित्वों के अतिरिक्त बिना किसी संसाधन के अन्य विभागों के कार्य कराए जा रहे हैं, जो पूरी तरह अव्यवहारिक है। इसके साथ ही ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली जबरन लागू की जा रही है, जबकि अधिकांश गांवों में नेटवर्क और संसाधनों की भारी कमी है।”
सचिवों का कहना है कि ग्राम सचिव ग्रामीण विकास की रीढ़ होते हैं। सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन, अभिलेखों का संधारण, जनकल्याणकारी योजनाओं की निगरानी की पूरी जिम्मेदारी इन्हीं पर होती है, लेकिन—
- अब तक सेवा शर्तें स्पष्ट नहीं हैं
- वेतनमान में विसंगति बनी हुई है
- कार्यस्थल सुरक्षा के कोई ठोस नियम नहीं हैं
- पदोन्नति संबंधी नियम वर्षों से लंबित हैं
इसके बावजूद सरकार द्वारा ऑनलाइन हाजिरी का दबाव बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
धरना स्थल से सरकार को सख्त चेतावनी
धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने अपने साथियों को संबोधित करते हुए कहा-“आज हम यहां किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि अपनी न्यायपूर्ण और वर्षों से लंबित मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए एकत्र हुए हैं। हमारा आंदोलन शांतिपूर्ण और सकारात्मक है, लेकिन यदि हमारी मांगों पर फैसला नहीं लिया गया तो हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।”
आंदोलन के अगले चरण
धरना प्रदर्शन के दौरान सभी ग्राम सचिवों ने सर्वसम्मति से यह ऐलान भी किया कि—
यदि मांगे नहीं मानी गईं तो सभी सचिव सरकारी व्हाट्सऐप ग्रुप छोड़ देंगे, 10 दिसंबर 2025 से मोटर चालित वाहनों का प्रयोग बंद करेंगे, 15 दिसंबर 2025 को अपने डिजिटल हस्ताक्षर (डोंगल) जमा कर देंगे।इस ऐलान के बाद प्रशासनिक अमले में चिंता बढ़ गई है।
किन विकास खंडों में हुआ प्रदर्शन
यह शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन जिले के प्रमुख विकास खंडों में किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से कादरचौक, दातागंज,वजीरगंज,अंबियापुर, सालारपुर सहित अन्य सभी ब्लॉकों में एक साथ आंदोलन देखने को मिला।
इस मौके पर कृपाल सिंह, देवेन्द्र सिंह, सुदीप शर्मा, आदिल रशीद खान, अजीत सिंह, रामबाबू, दीपक गुप्ता, धर्मेन्द्र सिंह, वर्षा पाठक उपस्थित थे।
श्री पवन सक्सेना द्वारा अपने साथियों से आह्वान किया कि हमारा आंदोलन सकारात्मक है, रचनात्मक है, और न्याय की माँग पर आधारित है। हम पीछे नहीं हटेंगे, जब तक हमें हमारा अधिकार नहीं मिलता।”
प्रशासन ने लिया ज्ञापन, उच्चाधिकारियों तक भेजने का आश्वासन
खंड विकास अधिकारियों ने ज्ञापन ग्रहण करते हुए भरोसा दिलाया कि संपूर्ण मामला शासन स्तर तक भेजा जाएगा, ताकि उचित निर्णय लिया जा सके।


























