


बिल्सी/बदायूं। महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिल्सी में आयोजित तीन दिवसीय रोवर्स-रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ सफल समापन हो गया। समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल का प्रदर्शन किया, जिसमें टेंट पिचिंग प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण रही।
टेंट पिचिंग प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा गुलाब टोली को प्रथम, गुलाब द्वितीय टोली को द्वितीय, जबकि कमल टोली को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्रदान किया गया। विद्यार्थियों के उत्साह और अनुशासन की अतिथियों ने सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और कहा कि रोवर्स-रेंजर्स प्रशिक्षण विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व और समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने छात्रों से अच्छा नागरिक बनकर देश सेवा में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रशिक्षक एवं जिला स्काउट-गाइड कमिश्नर असरार अहमद ने रोवर्स-रेंजर्स के इतिहास, प्रतिज्ञा, संस्थापक लॉर्ड बेडेन पावेल के योगदान, टोली निर्माण और नेतृत्व कौशल पर विस्तार से प्रकाश डाला। समापन अवसर पर विद्यार्थियों को रोवर्स-रेंजर्स के सिद्धांतों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महाविद्यालय प्रशासन एवं प्रशिक्षण दल को विद्यार्थियों और उपस्थितजनों ने बधाई दी।


























