बिल्सी (बदायूं)। नगर के बाईपास रोड स्थित दीननगर-शेखपुर चौराहा के पास गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां अचानक हाईटेंशन लाइन का जर्जर विद्युत पोल पूर्व पालिका अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय की थार गाड़ी पर आ गिरा। गनीमत रही कि इस घटना में कार सवार अनुज वार्ष्णेय और उनके ड्राइवर संजू यादव दोनों बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब अनुज वार्ष्णेय अपनी थार से भट्टे की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी चौराहे के पास पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़ा एक पुराना और जर्जर हाईटेंशन पोल अचानक टूटकर सीधे गाड़ी पर आ गिरा। बताया जा रहा है कि उस समय विद्युत सप्लाई भी चालू थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को फोन कर सप्लाई बंद कराई। कुछ ही देर में थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि कई जगहों पर लंबे समय से बिजली के जर्जर पोल खड़े हैं, जिन पर विभाग ध्यान नहीं दे रहा, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
फिलहाल बिजली विभाग की टीम क्षतिग्रस्त पोल को हटाने और लाइन को सुरक्षित करने में जुटी हुई है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


























