बिल्सी। नगर में लगातार बढ़ रही घटतौली की शिकायतों के बाद बुधवार को विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य बाजार की कई दुकानों पर अचानक छापामार जांच की।
विभाग के अधिकारी विनीत कुमार पांडे ने बताया कि कुछ दिनों पहले अरिहंत वृक्षारोपण समिति ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बाजार में घटतौली की शिकायतें दर्ज कराई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने बिल्सी नगर में विशेष जांच अभियान चलाया।
टीम ने गल्ला मंडी सहित नगर के प्रमुख बाजारों में लगभग दो दर्जन दुकानों की जांच की। इस दौरान मोहल्ला नंबर 8 की एक दुकान में अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई। विभाग ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में घटतौली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जांच टीम में आशीष कुमार, मनवीर चौहान, पवन कुमार सहित विधिक माप विज्ञान विभाग का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।


























