

बदायूं। भारत विकास परिषद की ओर से प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को बीआईएमटी कॉलेज, बदायूं में किया गया। इस प्रतियोगिता में चार जिलों — बदायूं, पीलीभीत, बरेली और शाहजहांपुर — से आई टीमों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों के मधुर स्वर बिखेरकर अपनी कला और देशप्रेम का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विभाग प्रचारक आरएसएस सुधांशु, विशिष्ट अतिथि एडवोकेट सत्य प्रकाश मौर्य, प्रांतीय अध्यक्ष संजीव जौली, प्रांतीय महासचिव राहुल यदुवंशी, प्रांतीय संगठन सचिव डॉ. अनिल सक्सेना, क्षेत्रीय संयुक्त सचिव नरेंद्र अरोड़ा, सेवा संयोजक अजय सक्सेना सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान अतिथियों का पुष्पमालाओं और प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया गया।
प्रांत की कुल 7 शाखाओं की टीमों ने मंच पर एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा सभागार “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगीत मनीषी डॉ. मदन मोहन लाल, डॉ. निशा पाठक और मुख्यमंत्री द्वारा “बदायूं श्री” सम्मान से विभूषित श्रीमती आयुषी रहीं।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद
टाइगर शाखा पीलीभीत के चिरौजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, पीलीभीत की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
नाथ नगरी बरेली शाखा की शांति अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर, बरेली की छात्राओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं गौरी शंकर शाखा बदायूं से आई ब्लूमिंग डेल स्कूल की टीम तृतीय स्थान पर रही।
विजेता टीम को अब राष्ट्रीय स्तर की समूह गान प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।प्रांत अध्यक्ष संजीव जौली ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और शाखाओं के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए विजेता टीम को आगामी प्रतियोगिता की तैयारी हेतु शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में आरएसएस विभाग प्रचारक सुधांशु जी, नरेंद्र अरोड़ा, कविता खुराना, डॉ. पंकज शर्मा, ज्योति खुराना, अंशु शर्मा, आयुष भारद्वाज, वीरेश वार्ष्णेय, सौरभ रस्तोगी, रामावतार मिश्रा, विनोद गुप्ता, राजीव भारती, पंकज वार्ष्णेय सहित अनेक शाखाओं के पदाधिकारी और दायित्वधारी मौजूद रहे।


























