जनता कर रही भ्रष्टाचार की ओर कर रही इशारा,पालिका की हो रही फजीहत
बिल्सी।नगर पालिका परिषद बिल्सी की कार्यशैली एक बार फिर कटघरे में आ गई है। पालिका कार्यालय के समीप मुख्य बाजार में बनाई गई पुलिया निर्माण के महज 5 दिन बाद ही ध्वस्त हो गई। इस घटना ने पालिका की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्वदेश केसरी ने 5 सितंबर को छापी थी खबर
बताते चलें कि 5 सितंबर को नगर पालिका कार्यालय के पास टूटी पुलिया में एक स्कूली छात्रा साइकिल समेत नाले में गिर गई थी। इस मामले को स्वदेश केसरी ने प्रमुखता से उठाया था। खबर छपते ही और घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने से पालिका प्रशासन की जमकर फजीहत हुई थी। दबाव में आकर पालिका ने आनन-फानन में पुलिया का निर्माण कराया, लेकिन पांचवे ही दिन पुलिया दोबारा टूट गई।
लोगों का कहना है कि यह सब पालिका में व्याप्त भारी भ्रष्टाचार का नतीजा है। आरोप है कि निर्माण कार्यों में मानक को ताक पर रखकर सिर्फ कमीशन खोरी के लिए बिल पास किए जाते हैं। यही कारण है कि कुछ समय पहले रोडवेज के सामने बनवाया गया नाला भी दो बार टूट चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदारों और जेई पर कठोर कार्रवाई कर जेल भेजा जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे घोटालेबाज निर्माण कार्य न हों।
इस मामले में अधिशासी अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने कहा कि पुलिया निर्माण में हुई लापरवाही की जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी














