बरेली। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल रोड में मंगलवार को 37वीं क्षेत्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन विद्या भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री माननीय डोमेश्वर साहू और बरेली महापौर डॉ. उमेश गौतम ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर ब्रज प्रांत संगठन मंत्री हरिशंकर, प्रदेश निरीक्षक यशवीर, प्रांत शिशु वाटिका प्रभारी रामकिशोर, क्षेत्र शारीरिक प्रमुख होडिल सिंह, सह खेल संयोजक रविंद्र मोहन शर्मा और उत्तराखंड खेल प्रभारी नवीन रावत मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधक दिनेश मलिक ने अंगवस्त्र पहनाकर सभी अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्य वक्ता डोमेश्वर साहू ने कहा –

“खेल केवल शारीरिक विकास का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सभी ऊँचाइयों को छूने का सशक्त माध्यम है। विद्या भारती शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में निरंतर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाओं को निखार रही है।”

मुख्य अतिथि महापौर उमेश गौतम ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और श्रेष्ठता प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

उद्घाटन सत्र में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भजन और लोकनृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकुमार अग्रवाल (उपाध्यक्ष, बाल कल्याण समिति) ने की। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का परिचय कराया।

प्रतियोगिता में ब्रज प्रांत, मेरठ प्रांत और उत्तराखंड की 12 टीमों के बालक व बालिका वर्ग (अंडर-14, 17 और 19) के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मैच डोरीलाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में 5 और 6 सितंबर को खेले जाएंगे। निर्णायक के रूप में उमेश पांडे, दरेंद्र सिंह, कुमारी शिवानी (मथुरा), महेंद्र पाल (हल्द्वानी) आदि मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन रामकिशोर श्रीवास्तव ने किया और जानकारी जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here