

बरेली। सरस्वती शिशु मंदिर नैनीताल मार्ग के तत्वावधान में आयोजित 37वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल में किया गया संघर्ष ही सफलता का वास्तविक परिणाम देता है।
उन्होंने योगी सरकार के खेलों के प्रति उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और यूपी को खेल के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका दिलाना ही सरकार का ध्येय है।
डोरी लाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी फुटबॉल प्रतियोगिता के आज के लीग मैचों की जानकारी देते हुए शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि—
- अंडर-14 वर्ग में नैनीताल बनाम वृंदावन, एटा बनाम नैनीताल और वृंदावन बनाम एटा के बीच मुकाबले खेले गए।
- अंडर-17 बालिका वर्ग में हल्द्वानी ने मथुरा से भिड़ंत की।
- अंडर-19 बालक वर्ग में मथुरा बनाम एटा, वृंदावन बनाम एटा और हल्द्वानी बनाम हरिद्वार के मैच हुए।
हल्द्वानी व हरिद्वार के बीच हुए कड़े मुकाबले में हरिद्वार 1-0 से विजयी रही, विजयी गोल दीपांशु ने किया। वहीं नैनीताल और वृंदावन का मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। श्रीजी बाबा मथुरा और शांतिपुरी के बीच हुए मैच में मथुरा ने 1-0 से जीत दर्ज की, विजयी गोल यशस्वी ने किया।
इस अवसर पर प्रांत क्रीड़ा प्रमुख रामपाल सिंह यादव, शिवओम जी, प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह, नगर निगम के पूर्व सभापति अतुल कपूर, निर्णायक एवं टीमों के कोच उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में संजीव उपाध्याय, आसाराम, धीरज सिंह, रामकुमार, सौरव मिश्रा, हिरदेश श्रीवास्तव आदि का विशेष योगदान रहा।


























