

बिल्सी। नवरात्र पर्व के अवसर पर नगर के अटल चौक स्थित शिव शक्ति भवन मंदिर परिसर में स्थापित प्राचीन दुर्गा माता मंदिर में श्रद्धालु भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मान्यता है कि यहां श्रद्धा और विश्वास के साथ मनौती मांगने वाले भक्तों की झोली मां दुर्गा भर देती हैं।
नवरात्र के साथ में दिन माता कालरात्रि की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। मंदिर परिसर में प्रतिदिन माता रानी का भव्य श्रृंगार किया जाता है। शाम 4 बजे से महिला समिति की ओर से माता रानी के छंद और भजन गाए जाते हैं, जिसके बाद आरती और प्रसाद वितरण होता है।
इस बार मंदिर में भक्ति और आस्था का माहौल पहले से कहीं अधिक देखने को मिल रहा है। भक्तों का उत्साह और सहभागिता इस आयोजन को खास बना रही है। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
आगामी 2 अक्टूबर, गुरुवार को मंदिर परिसर में माता की चौकी का भव्य आयोजन होगा। यह जानकारी मंदिर के सेवक वेदांश शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर भारी संख्या में महिलाएं और पुरुष एकत्र होकर माता रानी का गुणगान करेंगे और रात्रिभर भक्ति रस में डूबे रहेंगे।


























