





जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित वैष्णो देवी मंदिर के पास मंगलवार दोपहर हुए भीषण भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। रियासी के एसएसपी परमवीर सिंह ने इसकी पुष्टि की। शुरुआती घंटों में 8 लोगों की मौत की सूचना थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
राहत व बचाव अभियान तेज
इंडियन आर्मी, सीआरपीएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार मलबा हटाने में जुटी हैं। आशंका है कि मलबे में और भी लोग दबे हो सकते हैं। सेना के हेलीकॉप्टरों से कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
पुल टूटे, यात्रा स्थगित
भारी बारिश से तीन पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। माता वैष्णो देवी की यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। पठानकोट नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप्प है। कठुआ में रावी पुल का हिस्सा बह गया है।
5000 लोगों का इवैक्युएशन
जम्मू के डिवीजनल कमिश्नर रमेश कुमार के अनुसार, अब तक 5000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे बचाव अभियान में दिक्कतें आ रही हैं।
नेटवर्क ठप, संचार बाधित
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बताया कि अधिकांश क्षेत्रों में कम्यूनिकेशन बंद है। केवल कुछ मोबाइल डेटा सर्विस ही आंशिक रूप से काम कर रही है।


























