
बिल्सी (बदायूं)। अटल चौक स्थित शिव शक्ति भवन मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन युवा कथावाचक आचार्य उमंग दीक्षित ने श्रद्धालुओं को भगवान नारायण के 24 अवतारों का विस्तार पूर्वक वर्णन सुनाया। कथा पंडाल में उपस्थित भक्तजन मंत्रमुग्ध होकर दिव्य प्रवचनों को सुनते नजर आए।
आचार्य उमंग दीक्षित ने अपने प्रवचन में कहा कि कलियुग में भगवान के 16 नामों वाले महामंत्र का कीर्तन ही सभी पापों का नाश करने में समर्थ है। उन्होंने श्रद्धालुओं को यह भी बताया कि भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का साधन है।
राजा परीक्षित की कथा ने किया भावविभोर
कथा के दौरान राजा परीक्षित के जन्म की कथा का चित्रण अत्यंत भावनात्मक और मार्मिक अंदाज में किया गया, जिससे पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। उमंग दीक्षित ने कहा कि राजा परीक्षित का जीवन हर युग में धर्म की स्थापना और आचरण की प्रेरणा देता है।
श्रद्धालुओं की रही भारी भीड़
कथा श्रवण हेतु श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। इस अवसर पर पंडित गोरेलाल व्यास, कृष्ण स्वरूप दीक्षित, आयुष असावा, रानी खासट, अर्चना महेश्वरी, मधु महेश्वरी, सिद्धार्थ खासट, भाव्या, नीरू महेश्वरी सहित अनेक महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कथा आयोजन के संयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी कथा का क्रम इसी भक्ति भाव के साथ जारी रहेगा। प्रतिदिन शाम को श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रवचन और भजन संध्या का भी आयोजन हो रहा है।


























