वजीरगंज (बदायूं)। बीती रात वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय हंगामा मच गया जब ग्रामीणों ने एक संदिग्ध कार देख उसमें मौजूद युवक को ड्रोन चोर समझकर पकड़ लिया। मामला करीब रात 3 बजे का है। युवक भट्टे के पास कार रोक कर लघुशंका के लिए उतरा था, इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसकी गतिविधियों को संदेहजनक मान लिया।
ग्रामीणों ने शक के आधार पर युवक से पूछताछ शुरू की, लेकिन वह घबरा गया और सही जवाब नहीं दे सका। इससे भीड़ को और शक हुआ और कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट भी कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया।
सूचना मिलते ही 112 डायल पुलिस और वजीरगंज थाने की टीम मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। जांच में पता चला कि युवक बिल्सी कस्बे का रहने वाला है और वह अपनी महिला मित्र से मिलने गांव आया था।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि युवक के खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं पाया गया, लेकिन शांति भंग की आशंका में उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
घटना के बाद गांव में चर्चा का विषय बनी रही कि किस तरह अफवाह और संदेह की वजह से माहौल तनावपूर्ण हो सकता है। पुलिस ने ग्रामीणों से संयम बरतने की अपील की है।

























