
बदायूं। शहर में एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, बदायूं में अपनी निस्वार्थ पशु सेवा के लिए चर्चित पशु प्रेमी विकेन्द्र शर्मा के प्रति एक युवक की दीवानगी इस कदर बढ़ गई कि उसने उनके चेहरे का टैटू अपने सीने पर बनवा लिया। इस घटना ने न सिर्फ पशु प्रेमी को हैरान कर दिया बल्कि सोशल मीडिया पर भी इस दीवानगी की जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है।
यह युवक जिसका नाम विष्णु है जो स्वयं को विकेन्द्र शर्मा का बहुत बड़ा फैन बता रहा है, अपने सीने पर उनका टैटू बनवाकर अचानक उनके घर पहुंच गया। जैसे ही विकेन्द्र शर्मा ने विष्णु को देखा, वह हक्के-बक्के रह गए। टैटू देखकर वह कुछ पल के लिए अवाक रह गए, फिर भावुकता में विष्णु को गले लगा लिया।
विष्णु ने बताया कि वह लंबे समय से विकेन्द्र शर्मा की पशु पक्षियों की सेवा से बहुत प्रभावित है और उन्हें अपना आदर्श मानता है। उसने कहा, “मैंने उनके जैसा बनने का प्रण लिया है, और यह टैटू उनके प्रति मेरी श्रद्धा का प्रतीक है।”
विकेन्द्र शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि कोई मेरी सेवा से इतना प्रभावित होगा। ये पशुओं के प्रति प्रेम और भरोसे की पराकाष्ठा है। लेकिन मैं सभी से कहूँगा कि मेरी तरह काम करें, लेकिन ऐसे अति प्रदर्शन से बचें।”
इस वाक्ये ने पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों में काफी चर्चा बटोरी है। सोशल मीडिया पर विकेन्द्र शर्मा और विष्णु की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। कुछ लोग इसे समर्पण की मिसाल बता रहे हैं, तो कुछ इसे भावनात्मक अतिरेक कह रहे हैं।
फिलहाल यह मामला शहर में गौरव और आश्चर्य का विषय बना हुआ है। विकेन्द्र शर्मा के प्रति जनता का सम्मान और जुड़ाव इस घटना के बाद और भी गहरा होता नजर आ रहा है।


























