चंदौसी। सावन के रंग में रंगे तीज उत्सव ने चंदौसी की महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान और दिलों में उमंग भर दी। जायन्टस ग्रुप चंदौसी वेस्ट द्वारा रामबाग रोड स्थित बिहारीलाल प्राकृतिक आरोग्य सदन में आयोजित तीज महोत्सव में पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और विविध खेलों के साथ उल्लास की बहार छा गई।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और ग्रुप प्रार्थना के साथ हुई। स्वागत की रस्में भी बेहद भावनात्मक रहीं—रोल, चावल, बिंदी और हाथ में घड़ी पहनाकर सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद महिलाओं ने हरियाली तीज और सावन से जुड़े लोकगीतों पर झूमते हुए सांस्कृतिक वातावरण को जीवंत कर दिया।
खास आकर्षण रहे ग्रुप गेम्स—तंबोला, वन मिनट गेम, फोटो पहचानो, सरप्राइज क्विज़ जैसे मजेदार खेलों में सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं को सुंदर उपहार देकर सम्मानित किया गया।
फूलों से सजे पारंपरिक झूले पर झूलते हुए जब महिलाओं ने सावन के गीत गाए, तो ऐसा लगा जैसे प्रकृति भी तीज का स्वागत कर रही हो। सभी ने खूब तस्वीरें खिंचवाकर पलों को यादगार बना लिया।
कार्यक्रम के दौरान तीज क्वीन प्राची चौधरी और मनीषा गुप्ता, फर्स्ट रनर अप मानसी वार्ष्णेय एवं स्वाति अग्रवाल, सेकेंड रनर अप शुभांगी और आरती अग्रवाल को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
सभी ने इस आयोजन को महिलाओं के जीवन में खुशियों का प्रतीक बताते हुए कहा कि तीज उत्सव सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मीय रिश्तों को मजबूत करने और आपसी सौहार्द को बढ़ाने का उत्सव है।
कार्यक्रम को शानदार बनाने में तीज कमेटी की सक्रिय भूमिका रही। संचालन रितु गोयल और डॉ. मोनिका ने किया। आयोजन की विशेष सजावट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक सहभागिता ने यह सिद्ध कर दिया कि चंदौसी की महिलाएं हर पर्व को विशेष बना देती हैं।
इस उत्सव में सरिता अग्रवाल, योजना गुप्ता, रेखा गुप्ता, प्रतिभा जिंदल, संगीता गुप्ता, नीरू वार्ष्णेय, रानू वार्ष्णेय, अंशु नागर, कविता बच्चन, नूतन चौधरी,सीमा चौधरी, जया दीक्षित, संध्या वार्ष्णेय, अंजू वार्ष्णेय सहित दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया।


























