बिल्सी।नगर पालिका परिषद बिल्सी की अनदेखी और लापरवाही के कारण बाईपास मार्ग स्थित दुर्गा नगर कॉलोनी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। कॉलोनीवासी महीनों से गंदगी और दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर हैं, लेकिन अब तक उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

कॉलोनीवासियों ने बताया कि न तो नियमित रूप से सफाई कर्मचारी आते हैं और न ही कूड़ा उठाने वाली गाड़ी पहुंच रही है। कई बार नगर पालिका कार्यालय में शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कॉलोनी में कूड़े के ढेर लग गए हैं और उनसे उठती बदबू के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।

नालियां जर्जर, पानी भरकर पहुंच रहा खाली प्लाटों में
दुर्गा नगर कॉलोनी में वर्षों से नालियों की मरम्मत नहीं हुई है। इसके कारण गंदा पानी कॉलोनी के खाली पड़े प्लाटों में भर रहा है। वहीं, जब सफाई कर्मचारी नहीं आते तो मजबूरी में लोग कूड़ा भी इन खाली प्लाटों में फेंकने लगे हैं। इससे प्लाटों को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है।

पूर्व पालिका अध्यक्ष के समय आती थी कूड़ा गाड़ी
स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व पालिका अध्यक्ष के कार्यकाल में यहां कूड़ा गाड़ी नियमित रूप से आती थी, लेकिन अब यह सेवा क्यों बंद कर दी गई, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।

कॉलोनीवासियों की मांग
कॉलोनी निवासी रनजीत सिंह, राजू प्रजापति, जयकुमार, भोजराज सिंह, ठा. पप्पू सिंह, मनोज कुमार सिंह, कृष्णा देवी, रजनी देवी, किरण शर्मा, अशोक शर्मा, राजू शर्मा, रवि सिंह, नीरज शाक्य सहित अन्य लोगों ने नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष से मांग की है कि दुर्गा नगर कॉलोनी में कूड़ा गाड़ी तत्काल भेजी जाए और सफाई व्यवस्था को सुचारू किया जाए।स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here