मौजूदा समय में वैश्य समाज एक ऐसे संकट के मुहाने पर खड़ा है, जिसकी आहट बहुत धीमी परंतु विनाशकारी है। यह संकट किसी बाहरी हमले का नहीं, बल्कि हमारे ही समाज के भीतर पनप रही उस सोच का है, जो पारंपरिक कुटुंब व्यवस्था, वैवाहिक जीवन और सांस्कृतिक मूल्यों को धीरे-धीरे खत्म कर रही है।
बात हो रही है वैश्य समाज की शिक्षित युवतियों के विवाह में हो रही देरी की, जो अब सिर्फ एक सामाजिक चिंता न रहकर एक गंभीर सांस्कृतिक चुनौती बन चुकी है।
आज की शिक्षित युवतियाँ अपने करियर को प्राथमिकता दे रही हैं, यह एक अच्छा संकेत है – लेकिन जब यह करियर विवाह, परिवार और मातृत्व जैसे प्राकृतिक पड़ावों से टकराने लगे, तो परिणाम समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण हो सकते हैं।
आज हजारों वैश्य परिवार ऐसे हैं जिनमें बेटियाँ पढ़-लिखकर अच्छी नौकरियों में लगी हैं, ऊँचे पैकेज पर काम कर रही हैं, लेकिन विवाह की ओर उनकी कोई रुचि नहीं है। वह फ्रीडम चाहती हैं – अपनी शर्तों पर जीवन जीना चाहती हैं। यह स्वावलंबन यदि संयम और संस्कृति के साथ हो तो प्रेरणादायी बन सकता है, लेकिन अफसोस कि अब यह सोच धीरे-धीरे लिव-इन रिलेशनशिप जैसी अमर्यादित प्रवृत्तियों को जन्म दे रही है।
आज की तथाकथित “उच्च सोच” रखने वाली युवतियाँ विवाह और मातृत्व को अपने करियर के रास्ते में बाधा मानने लगी हैं। ऐसी सोच वैश्य समाज ही नहीं, सम्पूर्ण भारतीय सभ्यता के लिए चुनौती है। यदि यही सोच रही, तो वह दिन दूर नहीं जब हजारों की संख्या में लड़कियाँ और लड़के विवाह से वंचित रह जाएंगे। कुटुंब की पवित्र परिकल्पना, जिसे सनातन संस्कृति की रीढ़ माना जाता है, सिर्फ किताबों में रह जाएगी।
सवाल यह नहीं है कि लड़कियाँ करियर क्यों बना रही हैं, सवाल यह है कि क्या इस करियर की दौड़ में हम अपने पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक संतुलन को खोते जा रहे हैं?
क्या हमारे माता-पिता, जिन्होंने अपने जीवन में कई बलिदान देकर बेटियों को इस काबिल बनाया, उनके वृद्धावस्था के सपनों में बहू और पोते-पोतियों की कल्पना अधूरी रह जाएगी?
यह विषय बेहद संवेदनशील है, और इसे राजनीतिक या लैंगिक बहसों में उलझाने के बजाय समाज को सामूहिक रूप से विचार करने की आवश्यकता है। हमें अपने वैश्य समाज में जागरूकता फैलानी होगी, संवाद करना होगा, लड़कियों को यह समझाना होगा कि करियर और कुटुंब साथ-साथ चल सकते हैं।
हमारा सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति ‘संतुलन’ का नाम है – न तो अति परंपरा और न ही अति आधुनिकता।
यदि हमने समय रहते इन विषयों पर गंभीर मंथन नहीं किया, तो आने वाले वर्षों में वैश्य समाज की हजारों बेटियाँ और बेटे अकेलेपन की त्रासदी के शिकार होंगे।
यह समय है आत्ममंथन का, समाधान का, और एक सशक्त सांस्कृतिक पुनर्जागरण का।
(यह लेख लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं, इनसे स्वदेश केसरी न्यूज़ का कोई लेना-देना नहीं है।)


























