





गाज़ीपुर। मेघालय के शिलॉन्ग में ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या का मामला अब एक हाई-प्रोफाइल क्राइम स्टोरी बनता जा रहा है। मेघालय पुलिस के अनुसार, राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी ने ही अपने पति की हत्या की साजिश रचकर पेशेवर हत्यारों से वारदात को अंजाम दिलवाया। सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सरेंडर किया है। उधर, परिवार इसे सिरे से खारिज कर रहा है।
अब तक की बड़ी अपडेट्स:
🔴 मेघालय DGP आई नोंगरांग का दावा: सोनम ने ही हत्या की साजिश रची और सुपारी देकर मर्डर कराया।
🔴 तीन हमलावर गिरफ्तार: मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने X (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी दी कि तीन हत्यारे पकड़े गए हैं, जो मध्यप्रदेश के ही निवासी हैं।
🔴 एक हत्यारा फरार: उसकी तलाश अभी जारी है।
🔴 राजा-सोनम की शादी हाल ही में हुई थी: 11 मई को शादी के बाद दोनों 23 मई को हनीमून मनाने शिलॉन्ग पहुंचे थे और वहीं से लापता हो गए थे।
गाजीपुर में सोनम की ‘बरामदगी’ को लेकर दो बयान
- पुलिस वर्जन:
गाजीपुर के SP डॉ. ईरज राजा के अनुसार, नंदगंज थाना क्षेत्र के काशी ढाबा पर गश्त के दौरान पुलिस ने एक महिला को बेहोश हालत में देखा। पूछताछ में महिला की पहचान सोनम रघुवंशी के रूप में हुई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया और फिर वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। - परिवार का दावा:
सोनम के पिता देवी सिंह का कहना है कि रात 2 बजे के आसपास सोनम खुद गाजीपुर के एक ढाबे पर पहुंची और ढाबे वाले से भाई गोविंद को फोन करवाया। गोविंद ने वहां अपने परिचित को भेजा और बाद में सोनम से खुद बात की।
पिता का दर्द: ‘बेटी फंसा दी गई, राजा की मौत का गम भारी’
सोनम के पिता देवी सिंह का कहना है, “मेरी बेटी निर्दोष है। शिलॉन्ग पुलिस झूठ बोल रही है। उन्होंने कहानी गढ़ी है ताकि मेरी बेटी को फंसा सकें। वह पढ़ी-लिखी, समझदार लड़की है, कोई बच्ची नहीं है। हमारे बच्चों को ऐसी शिक्षा नहीं दी गई।”
उन्होंने कहा, “सोनम मिलने की खुशी है, लेकिन राजा चला गया, इसका दुख बहुत बड़ा है।”
पूरे मामले में आगे क्या?
सोनम अब यूपी पुलिस की सुरक्षा में है, लेकिन यह तय है कि जल्द ही उसे मेघालय पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जाएगी। वहीं गिरफ्तार किए गए तीन हत्यारों से भी पूछताछ की जा रही है। यह मामला जल्द ही CBI या किसी केंद्रीय एजेंसी तक भी पहुंच सकता है क्योंकि इसमें अंतरराज्यीय साजिश की आशंका जताई जा रही है।
यह मामला यूपी से लेकर मेघालय और मध्यप्रदेश तक चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी राजा की हत्या और सोनम की भूमिका को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब देखना है कि जांच में आगे क्या नया सामने आता है।


























