बदायूं। गुरुवार 29 मई 2025 को लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल, बदायूं में आयोजित ग्रीष्मकालीन समर कैंप का समापन समारोह हर्षोल्लास और नवाचार के रंगों से सराबोर होकर सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में बच्चों ने अपनी प्रतिभाओं का बेहतरीन प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह की शुरुआत समर कैंप की झलकियों को दर्शाते हुए एक विशेष स्मृति बैनर के अनावरण से की गई। इसके पश्चात मंच पर एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ हुईं। सबसे पहले प्री-प्राइमरी वर्ग के नन्हे-मुन्नों ने पपेट शो के माध्यम से अपनी मासूम अदाओं और संवादों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

नृत्य प्रस्तुतियों में जहां एक ओर पारंपरिक लोकनृत्य ने सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव दिखाया, वहीं आधुनिक शैली के नृत्यों ने समर कैंप के नवाचार को दर्शाया। कार्यक्रम की एक विशेष झलक रही ‘कुकिंग विदाउट फायर’, जिसमें बच्चों ने बिना गैस या चूल्हे के स्वादिष्ट और आकर्षक व्यंजन बनाकर सभी को चौंका दिया।

आर्ट एंड क्राफ्ट गैलरी में बच्चों की सृजनात्मकता और रंगों के साथ खेलना देखने लायक रहा। मिट्टी से बने बर्तन, रंगीन कोलाज, पेंटिंग्स और विभिन्न कलाकृतियों ने सभी को प्रभावित किया।

खेल गतिविधियों में क्रिकेट, हैंडबॉल, बैडमिंटन और इनडोर गेम्स में बच्चों ने टीम भावना और अनुशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं, स्विमिंग प्रजेंटेशन में विद्यार्थियों ने जल में संतुलन, गति और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।

कंप्यूटर कक्षा में बच्चों ने डिजिटल पोस्टर बनाना, टाइपिंग, बेसिक प्रोग्रामिंग जैसी तकनीकों को सीखा और उसे प्रस्तुत किया। पॉटरी सेशन भी इस बार का खास आकर्षण रहा, जिसमें बच्चों ने मिट्टी से सुंदर बर्तन बनाकर अपनी कल्पनाओं को साकार किया।

कार्यक्रम के अंत में समस्त विद्यार्थियों ने समूह में आकर ‘समर कैंप प्रेज़ेंटेशन’ दिया, जिसमें उन्होंने उन सभी गतिविधियों की झलक पेश की जो उन्होंने पूरे शिविर में सीखी थीं। इससे स्पष्ट हुआ कि यह समर कैंप न केवल बच्चों के मनोरंजन का जरिया बना, बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक और रचनात्मक विकास का सशक्त माध्यम भी साबित हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक श्री वेदव्रत त्रिवेदी, सह-संस्थापक श्री तेजस्व त्रिवेदी, निदेशिका श्रीमती छवी शर्मा एवं श्रीमती रीता शर्मा, शैक्षिक निदेशक श्री देवव्रत त्रिवेदी और प्रधानाचार्य श्री दीपक त्यागी की प्रेरणादायक उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें निरंतर ऐसे आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

विद्यालय प्रबंधन ने इस समर कैंप को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सार्थक पहल बताया और भविष्य में भी इसी तरह के रचनात्मक शिविरों के आयोजन की बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here