होम राज्य उत्तर प्रदेश बदायूं में शिक्षकों का धरना आज, पुरानी पेंशन बहाली समेत 14 सूत्रीय...

बदायूं में शिक्षकों का धरना आज, पुरानी पेंशन बहाली समेत 14 सूत्रीय मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय पर देंगे ज्ञापन 75 जिलों में एक साथ धरना, मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपेंगे शिक्षक


बदायूं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर गुरुवार को जनपद बदायूं में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक पुरानी पेंशन बहाली सहित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर दोपहर 12 बजे से धरना प्रदर्शन करेंगे। धरने का नेतृत्व जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा करेंगे।

संघ के जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव ने बताया कि लंबे समय से शिक्षकों की मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते शिक्षक अब मजदूर दिवस पर शांतिपूर्ण धरना देने को मजबूर हैं। यह धरना प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ किया जा रहा है।

धरना प्रदर्शन के पश्चात शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल माननीय मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी बदायूं के माध्यम से सौंपेगा।

संघ के जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी ने बताया कि शिक्षकों की जायज मांगों की लगातार उपेक्षा से शिक्षक वर्ग आहत है। अब उन्हें अपनी आवाज उठाने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

शिक्षकों की प्रमुख मांगें:

  1. 1 अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए।
  2. 1 अप्रैल 2005 से पूर्व के विज्ञापन पर नियुक्त शिक्षकों को तकनीकी अड़चनों के बिना पुरानी पेंशन का लाभ मिले।
  3. विद्यालय संचालन समय को पुनः सुबह 7 से 12 बजे तक किया जाए, विशेषकर भीषण गर्मी को देखते हुए।
  4. 2015 से रुकी हुई पदोन्नतियां व प्रोन्नत वेतनमान तत्काल प्रदान किया जाए।
  5. जनपदीय पारस्परिक स्थानांतरण में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक को एक-दूसरे से स्थानांतरण की अनुमति दी जाए।
  6. स्थानांतरण प्रक्रिया हर वर्ष नियमित रूप से चलाई जाए।
  7. अंतर्जनपदीय स्थानांतरण में सेवा अवधि को 50% भारांक के अंतर्गत रखा जाए।
  8. आकांक्षी जनपदों के शिक्षकों को भी स्थानांतरण की सुविधा दी जाए।
  9. मानव संपदा पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर किया जाए, जिससे वेतनमान, अवकाश और सेवा विवरण में सुधार संभव हो।
  10. शिक्षकों के व्यक्तिगत विवरण में संशोधन की प्रक्रिया को जिलास्तर पर किया जाए।
  11. आधार कार्ड सत्यापन के बिना बच्चों के नामांकन से होने वाली विसंगतियों को रोकने के लिए, नामांकन के समय विद्यालय सत्यापन अनिवार्य किया जाए।
  12. खंड शिक्षा अधिकारियों की एल-2 आईडी जनरेट न होने की समस्या का समाधान किया जाए।
  13. सामूहिक बीमा की कटौती की गई राशि लौटाई जाए और बीमा राशि बढ़ाकर 10 लाख की जाए।
  14. दिव्यांग शिक्षकों के वाहन भत्ते में बढ़ोतरी हेतु आदेश जारी किए जाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here