बदायूं। धर्म, संस्कृति और एकता का अद्भुत संगम मंगलवार को बदायूं नगर की सड़कों पर देखने को मिला, जब भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा ने नगर को परशुराममय कर दिया। ब्राह्मण धर्मशाला से शुभारंभ हुई इस यात्रा ने हजारों श्रद्धालुओं, झांकियों, और समाजसेवियों की सहभागिता से एक भव्य और ऐतिहासिक रूप धारण कर लिया।
तोरण द्वारों और पुष्पवर्षा से गूंज उठा नगर
नगरवासियों ने शोभायात्रा के स्वागत के लिए जगह-जगह भव्य तोरण द्वार बनाए। घर-घर और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भगवा ध्वजों व रंगीन झालरों से सजाया गया। जैसे-जैसे शोभायात्रा आगे बढ़ी, पुष्पवर्षा से पूरा मार्ग सुगंधित होता चला गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई भगवान परशुराम के जयकारों में लीन दिखाई दिया।
























धार्मिक झांकियाँ और शक्ति प्रदर्शन बने आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में भगवान परशुराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित जीवंत झांकियाँ, स्कूलों के आकर्षक बैंड, पारंपरिक अखाड़ों द्वारा किए गए हैरतअंगेज करतब, और संस्कृति को जीवंत करती विभिन्न प्रस्तुतियाँ लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा ब्राह्मण धर्मशाला से शुरू होकर गोपी चौक, नेहरू चौक, हलवाई चौक, पुराना बाजार, रजी चौक, कश्मीरी चौक, गांधी ग्राउंड होते हुए पुनः धर्मशाला में समाप्त हुई।
सेवा में दिखी सर्व समाज की एकजुटता
शोभायात्रा के दौरान सर्व समाज के लोगों ने मिलकर श्रद्धालुओं की सेवा की मिसाल पेश की। मार्ग में जगह-जगह ठंडा पानी, शरबत, कोल्ड ड्रिंक, फल, मिष्ठान, गर्मागर्म हलवा, बिस्किट और चना-मुरमुरा आदि का वितरण किया गया। युवाओं की टोली पूरे जोश के साथ सेवा में लगी रही, जो सामाजिक एकता और धार्मिक समर्पण की भावना को दर्शाता रहा।
भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
शोभायात्रा के समापन पर धर्मशाला परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। भक्तों के चेहरों पर संतोष और श्रद्धा का भाव साफ झलक रहा था।
राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की रही भागीदारी
इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनी मिश्रा, जिला महामंत्री शारदाकांत उर्फ सीकू भैया, संजीव तिवारी, भाजपा नेता शैलेश पाठक, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने शोभायात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। भारत विकास परिषद ने भी यात्रा का भव्य स्वागत करते हुए कोल्ड ड्रिंक वितरण की व्यवस्था की।
सामाजिक कार्यकर्ता भी रहे आगे
एडवोकेट सुभाष शर्मा, विवेक उपाध्याय, आलोक पाठक, अरविंद शर्मा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता पूरे आयोजन में सक्रिय रहे और हर स्तर पर सेवा कार्य में लगे नजर आए।इस दौरान भारी मात्रा मे पुलिस बल मौजूद रहा,
बदायूं में यह आयोजन न केवल एक धार्मिक यात्रा था, बल्कि यह नगर की सामूहिक शक्ति, एकता और श्रद्धा का भव्य प्रदर्शन बन गया, जिसे वर्षों तक याद रखा जाएगा।