अलीगढ़ से शीतल और बिसौली से ललित वार्ष्णेय की रिपोर्ट
- दो गंभीर रूप से घायल, फरीदाबाद रेफर
- नगर में छाया शोक, बाजार हुआ बंद







अलीगढ़/बिसौली, 27 मार्च – मथुरा-वृंदावन और गोवर्धन की परिक्रमा कर लौट रहे बिसौली के पांच युवक इगलास थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस हृदय विदारक दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें फरीदाबाद के हायर सेंटर रेफर किया गया है। इस घटना की खबर लगते ही बिसौली नगर में मातम छा गया और बाजार पूरी तरह से बंद हो गया।
मंदिरों में पूजा कर लौट रहे थे, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, बिसौली नगर के सचिन वार्ष्णेय (नंदन कोल्ड स्टोरेज), विकास वार्ष्णेय उर्फ विक्की, मोहित वार्ष्णेय (राज मोबाइल), शशिकांत (मधुबन होटल) और अंशुल गुप्ता मंगलवार को मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन परिक्रमा कर अपनी निजी कार से घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे जब उनकी कार इगलास थाना क्षेत्र के हाईवे पर पहुंची, तभी एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि सचिन वार्ष्णेय, विकास वार्ष्णेय और मोहित वार्ष्णेय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि शशिकांत वार्ष्णेय और अंशुल गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले अलीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें फरीदाबाद के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
बिसौली नगर में शोक, वार्ष्णेय समाज ने जताया दुख
बिसौली नगर में इस हृदय विदारक हादसे की खबर लगते ही हाहाकार मच गया। नगर का संपूर्ण बाजार शोक में बंद कर दिया गया। वार्ष्णेय कुटुंब एवं श्री वार्ष्णेय एकता महासभा मथुरा और वार्ष्णेय समाज बिसौली-बिल्सी के सदस्यों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। इगलास थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है,इगलास क्षेत्राधिकारी महेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और अज्ञात वाहन की तलाश तेजी से की जा रही है।मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर परिजन बिसौली को रवाना हो गए हैं,
नगर में गमगीन माहौल, देर शाम को होगा अंतिम संस्कार
बिसौली के इन तीन युवकों की असमय मौत से पूरा नगर गमगीन हो गया है। परिजनों के अनुसार सभी का अंतिम संस्कार नगर के श्मशान घाट पर किया जायेगा।