बिल्सी। ग्राम गुधनी खोंसारा स्थित बलदेव धाम पर सोमवार को होली महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गईं। इसी क्रम में मंदिर परिसर में रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया जा रहा है।
मंदिर के महंत आचार्य ललतेश्वरानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन में नैतिकता, धर्म और राष्ट्र प्रेम का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस भारतीय संस्कृति का अहम हिस्सा है, जिसकी प्रत्येक चौपाई, दोहा, सोरठा और छंद लोगों को सदाचार और धर्म का मार्ग दिखाते हैं।
आचार्य ललतेश्वरानंद महाराज ने श्रद्धालुओं से रामचरितमानस का नियमित पाठ करने की अपील की, जिससे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। कार्यक्रम के अंत में भगवान राम की आरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

























