बदायूं। नगर पालिका की घोर लापरवाही के चलते सहवाजपुर चुंगी से आर्य समाज जाने वाली सड़क पर बने पुलिया के मैनहोल का ढक्कन महीनों से गायब है, जिससे रोज़ाना वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। नगर पालिका और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बार-बार सूचित किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
मैनहोल बना दुर्घटनाओं का कारण
सूत्रों के मुताबिक, नाले की सफाई के दौरान इस मैनहोल का लोहे का जाल हटाया गया था, लेकिन उसके बाद उसे फिर से लगाया ही नहीं गया। अब यह खुला मैनहोल हर दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। दोपहिया वाहनों से लेकर ई-रिक्शा और चार पहिया वाहन इसमें गिर चुके हैं, जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें आईं और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। सोशल मीडिया पर इस मैनहोल से गिरने की कई वीडियो वायरल हो चुकी हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
सभासदों और जनप्रतिनिधियों की ‘पॉवर’ जीरो?
स्थानीय लोगों ने अपने मोहल्ले के सभासद से भी शिकायत की, लेकिन उन्होंने भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। बदायूं जैसे बड़े शहर में ऐसा कौन सा जनप्रतिनिधि होगा जो सोशल मीडिया पर एक्टिव न रहता हो? लेकिन, जनता की इस गंभीर समस्या को लेकर सभी जनप्रतिनिधि आंख मूंदे बैठे हैं।
क्या नगर पालिका की आर्थिक स्थिति हो गई है दयनीय?
अब सवाल यह उठता है कि क्या बदायूं नगर पालिका के पास तीन बाय चार फीट का लोहे का जाल लगाने तक के पैसे नहीं बचे हैं? या फिर इसके पीछे कोई राजनीतिक कारण है, जिससे इस समस्या को जानबूझकर अनदेखा किया जा रहा है? अगर नगर पालिका की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है तो जनता को इसकी स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए।
‘नगर पालिका ने मैनहोल को पहनाई टोपी’
अब इस मैनहोल के ऊपर किसी ने एक कूड़ेदान को उल्टा करके रख दिया है, जिससे इसमें गिरने की घटनाएं तो शायद रुक जाएं, लेकिन अब चार पहिया वाहनों के निकलने में दिक्कत होगी। सोशल मीडिया पर इस तस्वीर को लेकर लोग मजाक उड़ा रहे हैं और कह रहे हैं कि “नगर पालिका ने मैनहोल को पहनाई टोपी!”
नगर पालिका प्रशासन की इस लापरवाही से जनता बेहद नाराज है। सवाल यह है कि क्या नगर पालिका इस समस्या का समाधान करेगी, या फिर जनता को ऐसे ही हादसों का शिकार होना पड़ेगा?


























