
बिल्सी: पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे बिल्सी सर्कल के पुलिस क्षेत्राधिकारी उमेश चंद्र ने अपनी विदाई को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए एक मिसाल पेश की। उन्होंने जैन मंदिर पद्मांचल में अरिहंत वृक्षारोपण समिति के तत्वावधान में पौधारोपण किया और सभी को अधिक से अधिक पेड़ लगाने की प्रेरणा दी।
प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश
इस अवसर पर उमेश चंद्र ने कहा कि प्रकृति हमारी सबसे बड़ी धरोहर है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। पौधारोपण करने से धरती की हरियाली बनी रहती है और तापमान संतुलित रहता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे पर्यावरण संरक्षण से जुड़े रहेंगे और आने वाले वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
बिल्सी से मिली यादों को हमेशा संजोएंगे
उन्होंने बिल्सी के लोगों के स्नेह और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति केवल एक सरकारी प्रक्रिया है, लेकिन जो प्यार और सम्मान उन्हें यहां से मिला, वह जीवनभर याद रहेगा।
कविता के माध्यम से दी गई विदाई
आचार्य संजीव रूप ने कविता के माध्यम से सीओ उमेश चंद्र के सेवा काल पर प्रकाश डाला और उनके योगदान को सराहा।
समिति के सदस्यों ने सराहा पहल
इस अवसर पर समिति संस्थापक प्रशांत जैन, कवि विष्णु असावा, अनुज वार्ष्णेय, पीयूष वार्ष्णेय, देव ठाकुर, रमेश बाबू शर्मा, मुदित असावा, आयुष असावा, सूरज पाल, वंश गिरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने उमेश चंद्र के इस प्रेरणादायक कदम की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की बात कही।


























