होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी में स्थाई अवर अभियंता की नियुक्ति न होने से विकास कार्य...

बिल्सी में स्थाई अवर अभियंता की नियुक्ति न होने से विकास कार्य ठप, योजनाओं की धनराशि कागजों में सिमटी

बिल्सी: नगर पालिका परिषद बिल्सी में पिछले दो वर्षों से स्थाई अवर अभियंता की नियुक्ति न होने के कारण विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो गए हैं। विभिन्न योजनाओं के तहत शासन से आई धनराशि केवल कागजों में सीमित रह गई है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई प्रगति नहीं हो रही है। जनप्रतिनिधि से लेकर पालिका प्रशासन तक इस मामले में निष्क्रिय बने हुए हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद में कार्यरत लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता देवेंद्र पाल सिंह पर कई नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों, डूडा विभाग और लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी है। कार्यवाहक अवर अभियंता पर पूरे जिले का काम होने के कारण बिल्सी नगर पालिका के विकास कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो गए हैं। विभिन्न मदों में आई लाखों रुपए की धनराशि खर्च नहीं हो पा रही है, जिससे योजनाओं का क्रियान्वयन रुका हुआ है।

पालिका के अधिशासी अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने बताया कि दो वर्ष पूर्व पालिका में स्थाई अवर अभियंता विनय कुमार सक्सेना की सेवानिवृत्ति के बाद से अब तक किसी की स्थाई नियुक्ति नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर शासन को कई बार लिखा जा चुका है। वहीं, पालिका परिषद की चेयरपर्सन ज्ञान देवी सागर ने भी इस समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि अवर अभियंता की स्थाई नियुक्ति के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। इस वजह से क्षेत्र के तमाम विकास कार्य अटके हुए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थाई अवर अभियंता की नियुक्ति जल्द से जल्द होनी चाहिए ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके और योजनाओं का लाभ जनता को मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here