बदायूं। दसवीं पातशाही श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में आज शाम गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, पंजाबी मोहल्ला में विशेष कीर्तन दरबार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञानी परमजीत सिंह जी द्वारा रेहरास साहिब जी के पाठ से हुई। इसके बाद छोटे-छोटे बच्चों के कीर्तन जत्थे ने वाहेगुरु सिमरन करते हुए कीर्तन गायन किया, जिसने संगत को भाव-विभोर कर दिया।






आगरा से पधारे ज्ञानी केवल सिंह जी ने कथा में गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने गुरु जी के त्याग, वीरता और शिक्षाओं को बड़े ही सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इसके उपरांत, चंडीगढ़ से आए रागी भाई तबनीत सिंह जी के जत्थे ने गुरु गोविंद सिंह जी की वाणी से संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी कीर्तन प्रस्तुति ने उपस्थित संगत को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. रविंद्र सिंह पवित सिंह जी ने संगत को लंगर प्रसाद वितरित किया। गुरुद्वारा साहब की ओर से डॉ. रविंद्र सिंह जी को उनकी सेवा के लिए सम्मानित किया गया।
मंच संचालन सरदार गुरदीप सिंह जी ने किया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित किया। यह विशेष कीर्तन दरबार गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं को याद करने का एक अद्भुत अवसर था, जिसमें भारी संख्या में संगत ने भाग लिया।