बिल्सी। जिलाधिकारी निधि श्रीवास्तव ने कल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, प्रसूति वार्ड, दवा वितरण कक्ष, कोल्ड स्टोर सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और दवा वितरण प्रक्रिया की बारीकी से जांच की।
जननी सुरक्षा योजना में मिली खामी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के तहत दिए जाने वाले भोजन में निर्धारित मेनू का पालन न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. वर्मा को निर्देश दिया कि संबंधित स्वयं सहायता समूह का भुगतान तब तक न किया जाए, जब तक मेनू के अनुसार भोजन सुनिश्चित न किया जाए।
सेवाओं पर मरीजों का फीडबैक लिया
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने पाया कि केंद्र की 30 बेड की आईपीडी का ऑक्युपेंसी रेट 70% है, जो संतोषजनक है।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर जोर
जिलाधिकारी ने स्टाफ को निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और दवा वितरण प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वर मिश्रा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. वर्मा और अन्य स्वास्थ्य केंद्र कर्मचारी उपस्थित रहे।

























