बदायूं। जिले में छुट्टा गौवंशों की दुर्दशा और उनके उपचार में पशु पालन विभाग की लापरवाही के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष विकेंद्र शर्मा ने जिलाधिकारी को एक पत्र लिखा है। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) डॉ. समदर्शी सरोज और उनके विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी लापरवाही के कारण घायल और बीमार गौवंशों की मौत हो रही है।
क्या है मामला?
पत्र में विकेंद्र शर्मा ने बताया कि जिले में छुट्टा गौवंश सड़क पर दुर्घटनाओं और बीमारियों का शिकार होकर तड़पते रहते हैं। ऐसे मामलों में जब पशु पालन विभाग को सूचना दी जाती है, तो मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अक्सर फोन नहीं उठाते। यदि फोन उठ भी जाए, तो केवल एक पैरावेट भेजकर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है। पैरावेट द्वारा गौवंश को सिर्फ एक इंजेक्शन लगाकर फोटो खींच ली जाती है, जिसे सबूत के तौर पर दिखाया जाता है।
उन्होंने बताया कि गौवंश की गंभीर स्थिति में भी ग्लूकोज या आवश्यक उपचार नहीं किया जाता। गौवंश को सड़क पर तड़पता छोड़ दिया जाता है, जिससे उसकी स्थिति और खराब हो जाती है।
ब्रह्मपुर मोहल्ले का मामला
पत्र में उल्लेख किया गया कि ब्रह्मपुर मोहल्ले में एक गौमाता बीमार हालत में कई दिनों तक एक प्लॉट में पड़ी रही। उनके शरीर में कीड़े पड़ गए थे। सूचना देने पर पैरावेट ने केवल औपचारिकता निभाई और न तो कीड़ों की सफाई की और न ही ग्लूकोज दिया। कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मजबूर होकर स्थानीय लोगों ने गौमाता को रज़ी चौक चौराहे पर रख दिया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गौमाता की मृत्यु हो चुकी थी। इस मामले में भी किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई और गौमाता को बिना वैधानिक प्रक्रिया के दफना दिया गया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पर गंभीर आरोप
विकेंद्र शर्मा ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पर अपने पद का दुरुपयोग करने और गौवंशों के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिले में गौवंश उचित इलाज के अभाव में तड़प-तड़पकर मर रहे हैं।
कार्यवाही न होने पर आंदोलन की चेतावनी
विकेंद्र शर्मा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि दोषी पशु चिकित्सकों और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उचित कदम नहीं उठाए गए तो अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर गौवंशों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
स्थानीय लोग भी नाराज़
गौवंशों की दुर्दशा और पशु पालन विभाग की निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में भी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण गौवंशों की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है।जिलाधिकारी से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।

























